पूरे देश में रोशनी के त्योहार दिवाली की धूम मची हुई है। कुछ ही दिनों बाद जैसे-जैसे यह त्योहार नजदीक आ रहा है, इसकी धूम हर तरफ देखने को मिल रही है। दीपावली हिन्दू धर्म का एक बेहद अहम पर्व हैं, जिसे हर साल धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान लोग अपने घरों की सजावट करते हैं और रंगोली से अपने घरों को सजाते हैं। अगर आप भी इस दिवाली अपने घर के आंगन और छत को रंगोली से सजाने वाले हैं और इसके लिए कोई बढ़िया सी डिजाइन खोज रहे हैं, तो यह खबर आपके काम आएगी।
मोर रंगोली
दिवाली के मौके पर मोर रंगोली सबसे ज्यादा चलन में रहती है। यह बनाने में बेहद आसान और दिखने में बेहद खूबसूरत होती है। हालांकि, इसे बनाने के लिए थोड़ा समय और फोकस जरूरी होता है, लेकिन एक बार बनने के बाद यह आपके घर के आंगन की शोभा बढ़ा देती है। अगर आप इस दिवाली मोर रंगोली बनाने का विचार रहे हैं, तो इंटरनेट पर ऐसी कई डिजाइन आसानी से मिल जाएंगी।
लोटस रंगोली
कमल रंगोली दिवाली के त्योहार में चार चांद लगा देती है। पवित्रता और दिव्यता का प्रतीक यह रंगोली बनाने में काफी आसान है और बेहद कम समय में ही बनकर तैयार हो जाती है। आप इसे रेत, चॉक या अन्य सामग्रियों की मदद से तैयार कर सकते हैं। इस बार आप दिवाली पर अपने घर के आंगन या छत पर इसे बना सकते हैं।
फ्लावर रंगोली
अगर आप रंगोली बनाने के लिए कुछ आसान, लेकिन खूबसूरत डिजाइन ढूंढ रहे हैं, तो फूलों वाली रंगोली ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए आप विभिन्न प्रकार के सूखे या ताजे फूलों की पंखुड़ियों और पत्तियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा आप रंगों की मदद से भी फ्लावर रंगोली बना सकते हैं।
गणपति रंगोली
अगर आप कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो इस बार दिवाली पर गणपति रंगोली बना सकते हैं। इसे बनाना थोड़ा कठिन है लेकिन बनने के बाद इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। आप विभिन्न रंगों और रूपों के पैलेट का इस्तेमाल कर गज मुख की रंगोली तैयार कर सकते हैं।
Raed more : Health tips: सुप्त मत्स्येन्द्रासन दिलाएगा आपको कमर दर्द से छुटकारा, जानिए कैसे करे यह आसान
स्वस्तिक या ओम वाली रंगोली
हिंदू धर्म में स्वस्तिक और ओम प्रतीकों का गहरा महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक यह बेहद पवित्र माने जाते हैं। ऐसे में दिवाली के शुभ अवसर पर आप ओम या स्वस्तिक रंगोली से अपने आंगन की शोभा बढ़ा सकते हैं। यह भी रंगोली बनाने का एक आसान और खूबसूरत तरीका है।